गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक ने युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद जहर खा लिया। युवक को गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव घूकना में 20 वर्षीय दीपमाला यादव घर पर अकेली थी। हनुमान जयंती पर दीपमाला के मां-बाप पूजा करने के लिए मंदिर गए थे। सुबह करीबन साढ़े 8 बजे 26 वर्षीय युवक घर में पीछे से घुस आया और तमंचे से दीपमाला को गोली मार दी। इस वारदात के तुरंत बाद उसने जहर खा लिया। गोली की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो दीपमाला मृत पड़ी थी जबकि लड़के के मुंह से झाग निकल रहा था। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही यूपी-112 और नंदग्राम थाने की पुलिस पहुंची। दोनों को गाजियाबाद के अस्पताल ले गई। यहां दीपमाला को मृत घोषित कर दिया। जबकि युवक को गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
नंदग्राम ACP रवि कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित राहुल बुलंदशहर के सालिमपुर जाट का रहने वाला था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतका दीपमाला के मामा बुलंदशहर जिले के सलेमपुर गांव में रहते हैं। इसके चलते दीपमाला का सलेमपुर गांव में अक्सर आना-जाना होता रहता था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसकी राहुल से मित्रता हो गई। फिलहाल इस वारदात की वजह क्या है, ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
The post युवक ने घर में घुसकर युवती को मारी गोली, फिर खुद खाया जहर first appeared on Common Pick.