प्रयागराज। प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अपराधियों को ऐसी सजा देंगे कि आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। हमारी सरकार प्रतिबद्ध है कि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देंगे, यह बयान है उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिया है।
वाराणसी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उमेश पाल हत्याकांड की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। अपराधियों को ऐसी कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। मामले को हम लोग फास्टट्रैक कोर्ट में लेकर जाएंगे। जल्द से जल्द कोर्ट से अपराधियों को सजा दिलाएंगे। एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है।
पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले दुकान पर कब्जा, मकान और प्लॉट पर कब्जा, बहू-बेटी की इज्जत खतरे में कुल मिलाकर प्रदेश में अव्यवस्था का माहौल था। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी थी। वहीं आज माहौल बदल चुका है। डबल इंजन की सरकार में आर्थिक मोर्चे पर यूपी नंबर एक बनने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में सर्वाधिक सड़क वाला राज्य यूपी है। बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि हर क्षेत्रों में काफी ज्यादा सुधार हुआ है।
गौरलतब है बसपा के विधायक रहे राजू पाल की 2005 में हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप पूर्व सांसद बाहुबली अतीक अहमद और उसके भाई पर लगा था। दोनों इस समय अलग अलग जेलों में बंद हैं। राजू पाल हत्याकांड के अहम गवाह उमेश पाल लगातार अतीक अहमद के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए थे। उन्होंने अतीक पर धमकाने और अगवा करने का भी आरोप लगाया था। इसे लेकर उमेश पाल को सुरक्षा के लिए दो गनर भी दिए गए थे।
बीते शुक्रवार को राजू पाल हत्याकांड की सुनवाई के बाद घर लौटते समय उमेश पाल के ऊपर आधा दर्जन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसमें उमेश पाल समेत उनका एक गनर मारा गया और एक गनर घायल हो गया था। पुलिस ने हत्याकांड में अतीक, अशरफ के साथ ही उनकी पत्नी शाइस्ता और बेटों को भी नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
The post ‘ऐसी सजा देंगे कि आने वाली पीढ़ियां भी रखेंगी याद’, उमेश पाल हत्याकांड पर डिप्टी सीएम पाठक का बयान first appeared on Common Pick.